Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं का चाकुलिया थाना पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से छह चोरी की बकरियां बरामद की हैं. वहीं गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चाकुलिया के मुस्लिम बस्ती क्षेत्र से ग्रे रंग की एक कार में सवार तीन लोग बकरी चोरी कर जमशेदपुर की ओर जा रहे हैं. सूचना के बाद थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने वाहन का पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया.
ब्रेड खिलाकर बकरियों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था. आरोपी सुबह कार लेकर निकलते थे और जहां भी बकरी दिखाई देती, उसे ब्रेड खिलाकर अपने पास बुलाते थे. इसके बाद बकरी को कार में चढ़ाकर मौके से फरार हो जाते थे.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मो. निसाद अंसारी उर्फ दानिस के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार उसकी भूमिका वाहन चलाने की थी, जबकि उसके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे.
कार से बकरियां, ब्रेड, आईफोन और अतिरिक्त नंबर प्लेट बरामद
पुलिस ने कार (JH05DP3586) की तलाशी के दौरान छह चोरी की बकरियां, तीन पैकेट ब्रेड, एक आईफोन मोबाइल और वाहन के दो अतिरिक्त नंबर प्लेट बरामद किए हैं. जब्त किए गए सभी सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के बनोलिया का रहने वाला है और वर्तमान में सरायकेला-खरसावां के कपाली स्थित टॉप चौक, मैरी इंग्लिश स्कूल के समीप रह रहा था.
कपाली निवासी रूबी खान को बताया गिरोह का सरगना
पुलिस के अनुसार इस गिरोह का सरगना कपाली निवासी रूबी खान है. उसके साथ शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चोरी की घटनाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है. ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.