Jamshedpur News: मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है. लगातार हो रही दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदम अब नए विवाद की वजह बन गए हैं. इसका असर सीधे अस्पताल की व्यवस्था और इमरजेंसी सेवाओं पर पड़ता दिख रहा है.
वाहन चोरी रोकने के लिए बदली गई पार्किंग व्यवस्था
अस्पताल परिसर से लगातार बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए बीते गुरुवार देर रात सचिन कुमार दास ने इमरजेंसी के बाहर लगी बैरियर हटवा दी. साथ ही अस्पताल आने वाले लोगों को निर्देश दिया गया कि वे अपने वाहन बाहर सड़क किनारे खड़े करने के बजाय अस्पताल परिसर के अंदर उपलब्ध खाली स्थानों पर पार्क करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके.
होमगार्ड जवानों और थाना प्रभारी के बीच बढ़ा विवाद
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों और थाना प्रभारी के बीच विवाद की स्थिति बन गई. होमगार्ड जवानों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उनका मनोबल तोड़ा. इस मामले को लेकर जवानों ने अगले दिन अस्पताल अधीक्षक से शिकायत भी की। विवाद के बाद पार्किंग व्यवस्था की निगरानी लगभग ठप हो गई है.
इमरजेंसी सेवा पर भी पड़ा असर, लोगों ने जताई चिंता
निगरानी नहीं होने के कारण अस्पताल आने वाले लोग अपने वाहन मनमाने ढंग से कहीं भी खड़े कर रहे हैं. इसका सबसे ज्यादा असर इमरजेंसी सेवा पर पड़ रहा है, जहां मरीजों को लेकर पहुंचने वाली एंबुलेंसों को भी पार्किंग और आवाजाही में परेशानी हो रही है. शिकायत करने पर होमगार्ड जवान भी चल रहे विवाद का हवाला देते हुए अपनी मजबूरी बताते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान नहीं होगा, तब तक अस्पताल की पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद करना मुश्किल है.