Jamshedpur: रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक सोमवार को केबुल टाउन स्थित समिति कार्यालय में संयोजक शिव शंकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान रेलवे परिचालन, ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था और यात्रियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति ने पिछले कई महीनों के रेलवे परिचालन की समीक्षा की। सदस्यों ने कहा कि दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बाद रेलवे संचालन में कुछ हद तक सुधार जरूर हुआ है, लेकिन टाटानगर-चाईबासा, टाटानगर-चक्रधरपुर और टाटानगर-खड़गपुर रेलखंड में ट्रेनों के समय पर संचालन में अब भी अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।
हावड़ा और संतरागाछी से ही देर से खुल रही हैं ट्रेनें
समिति ने चिंता जताते हुए कहा कि हावड़ा और संतरागाछी से रवाना होने वाली कई ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से ही 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इसके बाद खड़गपुर पहुंचते-पहुंचते उनकी देरी और बढ़ जाती है। लंबी दूरी की ट्रेनों के समय में लगातार हो रही देरी यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है। बैठक में कहा गया कि बिलासपुर मंडल से जितनी देरी से ट्रेनें चक्रधरपुर मंडल को मिलती हैं, कई बार वे उससे भी अधिक विलंब के साथ आगे संचालित होती हैं। समिति ने सीएसएमटी-हावड़ा मेल, हावड़ा-शालीमार, गीतांजलि एक्सप्रेस और हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों का उदाहरण देते हुए कहा कि इनकी लगातार लेटलतीफी से जमशेदपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मेमू ट्रेनों की लेटलतीफी पर भी उठे सवाल
समिति के सदस्यों ने बताया कि हाल के दिनों में मेमू ट्रेनों के संचालन में भी अनावश्यक देरी देखने को मिल रही है। इससे दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि ट्रेनों की लेटलतीफी और यात्रियों की समस्याओं से संबंधित सभी बिंदुओं को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को विस्तृत पत्र भेजा जाएगा। समिति ने मांग की कि रेलवे परिचालन को कोरोना काल से पहले की तरह समयबद्ध, व्यवस्थित और यात्री-अनुकूल बनाया जाए।
यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता हो : सरयू राय
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान और ट्रेनों के समयपालन को लेकर लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन को यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिचालन व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए। बैठक में अजय कुमार, नीरज सिंह, सतीश सिंह, अमित शर्मा, शुभम समेत समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।