Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-14

Ranchi News: आंधी से ठप हुई रुक्का जलशोधन केंद्र की बिजली, रांची में सात लाख लोगों को नहीं मिला पानी

Ranchi News: राजधानी रांची में शनिवार को अचानक पैदा हुए जल संकट ने लाखों लोगों को परेशान कर दिया. तेज आंधी के कारण रुक्का जलशोधन केंद्र तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके बाद शहर के कई इलाकों में पाइपलाइन से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई. करीब सात लाख से अधिक लोगों को पूरे दिन नल से पानी नहीं मिल सका.

पानी की सप्लाई बंद होने से लोगों को घरेलू कामकाज से लेकर पीने के पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ी. कई परिवारों ने मजबूरी में बाजार से बोतलबंद पानी और जार खरीदकर जरूरत पूरी की. वहीं, बस्तियों और छोटे मोहल्लों में रहने वाले लोगों ने नगर निगम के एचवाईडीटी, मिनी एचवाईडीटी और चापानलों का सहारा लिया.

बिजली फॉल्ट से बंद हुआ रुक्का प्लांट, शाम तक चली मरम्मत
बताया गया कि ओरमांझी क्षेत्र में दोपहर के समय आई तेज आंधी के दौरान 33 केवी सिरडो-1 और सिरडो-2 लाइन पर पेड़ गिर गए. इससे बिजली के तार टूट गए और कई खंभे क्षतिग्रस्त हो गए. इसके कुछ देर बाद 33 केवी विकास फीडर में भी पेड़ की डाल गिरने से कंडक्टर खराब हो गया.

बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण रुक्का जलशोधन केंद्र तक पावर सप्लाई बंद हो गई और प्लांट से बूटी जलागार तक पानी भेजने का काम रुक गया.

सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची. कर्मचारियों ने गिरे हुए पेड़ों को हटाया और क्षतिग्रस्त तारों व खंभों की मरम्मत शुरू की. शाम करीब साढ़े सात बजे बिजली बहाल होने के बाद दोबारा जलापूर्ति की प्रक्रिया शुरू हो सकी.

रातू रोड से टाउन लाइन तक कई इलाकों में रहा असर
जलापूर्ति बाधित होने का असर राजधानी के बड़े हिस्से में देखने को मिला. रातू रोड लाइन से जुड़े बरियातू, मोरहाबादी, करमटोली, कचहरी रोड, हरमू रोड, पुरानी रांची, अपर बाजार, महावीर चौक, प्यादा टोली, मेकी रोड और न्यू मार्केट समेत कई इलाकों में लोगों को पानी की समस्या झेलनी पड़ी.

वहीं टाउन लाइन से जुड़े बूटी रोड, कोकर, नामकुम, टाटीसिलवे, लालपुर, पुरुलिया रोड, कांटाटोली, सिरमटोली, चुटिया, स्टेशन रोड, कडरू रोड, मेन रोड और हिंदपीढ़ी क्षेत्र में भी जलापूर्ति प्रभावित रही.

यूजीआर की तकनीकी खराबी से भी परेशान रहे लोग
इधर रुक्का प्लांट से जुड़े यूजीआर की तकनीकी समस्या के कारण लगातार तीसरे दिन भी कुछ इलाकों में पानी की किल्लत बनी रही. रातू के सिमलिया स्थित संप से पुंदाग के जलमिनार, हरमू और जगन्नाथपुर टंकी तक पानी नहीं पहुंच पाया.

अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी दूर होने के बाद रविवार को पुंदाग, अरगोड़ा, हरमू, डिबडीह, जगन्नाथपुर समेत प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से जलापूर्ति की जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !