Jamshedpur Accident News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे के बाद काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही. आरडी टाटा गोलचक्कर के पास एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया.

हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग, ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ जताया विरोध
महिला के घायल होने की खबर फैलते ही आसपास के लोग आक्रोशित हो गए. लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का घेराव भी किया. हालात को नियंत्रित करने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को बुलाना पड़ा, जिसके बाद स्थिति को संभालने की कोशिश की गई.
स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मी पर लगाए गंभीर आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला स्कूटी से गुजर रही थी. इसी दौरान वाहन जांच में लगे एक पुलिसकर्मी अचानक उसके सामने आ गए. इससे महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई. इसी बीच पीछे से आ रही पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने दी सफाई
घटना के बाद जिला पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज जारी किया गया. फुटेज के आधार पर पुलिस का कहना है कि महिला साकची से बर्मा माइंस की ओर जा रही थी और इसी दौरान वह पिकअप वाहन की चपेट में आ गई.
डीएसपी यातायात ने पुलिस चेकिंग से संबंध होने से किया इनकार
डीएसपी यातायात नीरज पाठक ने कहा कि इस हादसे का पुलिस की वाहन जांच अभियान से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने बताया कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में भी ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है, जिससे यह साबित हो कि चेकिंग के कारण दुर्घटना हुई.