Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के मस्जिद रोड में 407 मालवाहक वाहन के चालक और खलासी पर चापड़ से हमला कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिया गया युवक प्रसन्नजीत गोलमुरी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस युवक से घटना को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात में उसकी क्या भूमिका थी और क्या उसके साथ अन्य अपराधी भी शामिल थे.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
घटना के बाद गोलमुरी थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की थी. फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिसके बाद प्रसन्नजीत तक पहुंच बनाई गई. पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर पूरे गिरोह का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
रंगदारी नहीं देने पर किया था हमला
बता दें कि गुरुवार देर रात मस्जिद रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के बाहर खड़े 407 वाहन के चालक और खलासी पर दो से तीन नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया था. आरोप है कि बदमाशों ने पहले वाहन खड़ा करने के नाम पर चालक से रंगदारी मांगी थी. चालक ने डर के कारण 500 रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी अपराधियों ने वाहन का शीशा तोड़ दिया और केबिन में घुसकर चालक व खलासी पर चापड़ से हमला कर दिया.
नकदी और सोने की चेन लेकर भागे अपराधी
हमले के बाद बदमाश चालक की जेब से करीब 3 हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे. घटना में घायल चालक और खलासी किसी तरह गोलमुरी थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी और जांच शुरू की. पुलिस का कहना है कि मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.