Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों, अधिकारियों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने महंगाई भत्ता (डीए) में 9 फीसदी की वृद्धि कर दी है. यह बढ़ोतरी झारखंड सरकार की ओर से स्वीकृत नई दरों के आधार पर की गई है. नई व्यवस्था का लाभ विश्वविद्यालय मुख्यालय, स्नातकोत्तर विभागों, संबद्ध कार्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा.
डीए की दर 474 से बढ़ाकर 483 प्रतिशत हुई
पांचवें वेतन पुनरीक्षण के तहत वेतन प्राप्त कर रहे शिक्षकों, अधिकारियों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की दर अब तक 474 प्रतिशत थी. इसे बढ़ाकर 483 प्रतिशत कर दिया गया है. संशोधित दर 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी.
जून के वेतन के साथ होगा भुगतान
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि बढ़े हुए डीए का भुगतान जून 2026 के वेतन के साथ किया जाएगा. वहीं जनवरी 2026 से मई 2026 तक के बकाया एरियर का भुगतान पीएल खाते से किया जाएगा. इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है.
पेंशनधारियों को भी मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई राहत
रांची विश्वविद्यालय ने सेवानिवृत्त शिक्षकों, अधिकारियों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के लिए महंगाई राहत (डीआर) बढ़ाने की अधिसूचना भी जारी की है. छठे वेतनमान के तहत पेंशन पाने वाले सेवानिवृत्त कर्मियों की महंगाई राहत 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दी गई है. वहीं सातवें वेतनमान के तहत पेंशन प्राप्त करने वालों के लिए महंगाई राहत 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है.
पेंशन में भी जनवरी 2026 से लागू होगी नई दर
दोनों संशोधित दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी. बढ़ी हुई महंगाई राहत का भुगतान जून 2026 की पेंशन और पारिवारिक पेंशन के साथ किया जाएगा. जनवरी से मई 2026 तक की अवधि का एरियर पीएल खाते से भुगतान किया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले से हजारों शिक्षक, कर्मचारी और पेंशनधारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा.