Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-13

Chaibasa News: बड़ाजामदा में जर्जर पुलिया से बढ़ा खतरा, नाराज महिलाओं ने खुद श्रमदान कर भरे गड्ढे

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में डीएमएफटी फंड के उपयोग को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच बड़ाजामदा और नोवामुंडी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर सुखचैन मोटर के पास स्थित बदहाल पुलिया लोगों के लिए परेशानी और हादसों की वजह बनती जा रही है. लंबे समय से मरम्मत नहीं होने और जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन की अनदेखी से नाराज आजीविका ग्राम संगठन बड़ाजामदा की महिलाओं ने खुद मोर्चा संभालते हुए श्रमदान किया और सड़क के गड्ढों के साथ पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्सों में मुरूम और मिट्टी डालकर रास्ते को समतल बनाया.
काफी समय से बदहाल पड़ी है पुलिया
स्थानीय लोगों के अनुसार सुखचैन मोटर के समीप स्थित पुलिया की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. पुलिया के बीच कई बड़े गड्ढे बन चुके हैं और कुछ हिस्सों में आर पार छेद भी दिखाई देने लगे हैं. ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. लोगों का कहना है कि रोजाना गुजरने वाले भारी वाहनों के दबाव से पुलिया की मजबूती लगातार कम होती जा रही है.

इलाके की लाइफलाइन बनी सड़क पर नहीं हुआ मरम्मत का काम
बड़ाजामदा से नोवामुंडी जाने वाला यह मार्ग इलाके का महत्वपूर्ण संपर्क पथ माना जाता है. इसी सड़क से टाटानगर से किरीबुरू, बड़बिल और जोड़ा जाने वाली बसों का संचालन होता है. इसके अलावा लौह अयस्क से लदे भारी मालवाहक ट्रकों का भी दिनभर आवागमन रहता है. इतनी अहम सड़क होने के बावजूद अब तक पुलिया की मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

कई बार उठी मांग लेकिन नहीं हुई सुनवाई
ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का कहना है कि पुलिया के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर कई बार आवाज उठाई जा चुकी है. विरोध प्रदर्शन से लेकर सड़क जाम की चेतावनी तक दी गई, लेकिन प्रशासन, स्थानीय विधायक और सांसद की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया. इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है.

महिलाओं ने श्रमदान कर दिया बड़ा संदेश
प्रशासन की निष्क्रियता से परेशान आजीविका ग्राम संगठन की महिलाओं ने खुद आगे आकर श्रमदान किया और सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त करने का प्रयास किया. महिलाओं ने अपने इस कदम के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि जनहित के कामों के लिए समाज खुद भी आगे आ सकता है.

जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने झारखंड सरकार और संबंधित अधिकारियों से पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो जनसुरक्षा को देखते हुए बड़ाजामदा और नोवामुंडी मुख्य सड़क को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा.

इलाके की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल इस मार्ग पर जर्जर पुलिया अब लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है. ऐसे में समय रहते मरम्मत और स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर प्रशासन को बिना देरी किए कार्रवाई करनी चाहिए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !