Jharkhand Breaking: झारखंड आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर राज्य सरकार ने पहल शुरू कर दी है. बुधवार को झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात कर अपनी मांगों को रखा. इस दौरान राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके परिवारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई.
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के सामने मांग रखी कि झारखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी आंदोलनकारियों को हर महीने 50 हजार रुपये सम्मान पेंशन दी जाए. इसके साथ ही आंदोलनकारियों के परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने की भी मांग की गई.
परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग
मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि आंदोलनकारियों के योगदान को देखते हुए उनके परिवारों को भी सरकार की ओर से सहायता मिलनी चाहिए. उन्होंने प्रत्येक आंदोलनकारी परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े.
वित्त मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि आंदोलनकारियों की मांगों से जुड़े प्रस्ताव को 15 जून को होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में रखा जाएगा. इसके अलावा 14 जून को वित्त मंत्री और आंदोलनकारियों के बीच एक और बैठक होगी. इसमें मांगों और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी.