Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-10

Jamshedpur Crime News: साकची बाजार से खरीदारी के दौरान 3 वर्षीय लापता हुई बच्ची सकुशल बरामद, दंपती गिरफ्तार

Jamshedpur: साकची बाजार से लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची आफरीन को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी दंपती ने बच्ची का अपहरण कर उसे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में छिपाकर रखा था। जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को हयात नगर, डिमना बस्ती निवासी मो. इम्तियाज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ साकची बाजार खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तीन वर्षीय बेटी आफरीन अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजनों ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

एसआईटी गठित कर शुरू की गई थी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक (नगर) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुष्टी गांव में छापेमारी की। वहां से लापता बच्ची आफरीन को सकुशल बरामद कर लिया गया।

दस साल से संतान नहीं होने के कारण किया था अपहरण
पुलिस ने इस मामले में अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने बच्ची को साकची बाजार से ले जाने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि उनकी शादी को करीब दस वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान नहीं थी। इसी लालच में उन्होंने बच्ची का अपहरण कर लिया और उसे पुरुलिया के गांव में छिपाकर रखा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42 वर्ष), अफसाना बेगम (30 वर्ष), पत्नी- अब्दुल जसीम उर्फ लखन दोनों वर्तमान में मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित करीम सिटी कॉलेज के पास किराए के मकान में रहते थे। यह मकान मो. अनवर अंसारी उर्फ अनवर मैकेनिक का बताया जा रहा है। दोनों का संबंध कपाली थाना क्षेत्र से है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक Infinix कंपनी का स्मार्टफोन और एक Redmi Note-5 Pro मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों उपकरणों की जांच की जा रही है।

पुलिस टीम की तत्परता से बची मासूम की जिंदगी
पूरे अभियान में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में अमित कुमार सिंह,  हरि महतो, जितेन्द्र कुमार वर्मा  अभिनव कुमार,  अमित कुमार चौधरी, सुजीत कुमार, राजेश कुमार, बिरेन्द्र कुमार सिंह, प्रेमकांत मिश्रा और साकची थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। करीब दो सप्ताह बाद बच्ची के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिवार ने पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया है। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।



WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !