Ranchi News : वेतन मद में कथित फर्जी निकासी की जांच कर रही उच्चस्तरीय समिति ने जांच प्रक्रिया को और तेज करते हुए महालेखाकार कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेज प्राप्त किए हैं। समिति का मानना है कि ट्रेजरी से उपलब्ध कराए गए रिकॉर्ड जांच के लिए पर्याप्त नहीं थे, इसलिए मूल दस्तावेजों की मांग की गई थी।
पांच वर्षों के भुगतान रिकॉर्ड खंगाल रही समिति, कई ट्रेजरी जांच के दायरे में
उत्पाद विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित समिति फिलहाल बोकारो ट्रेजरी से हुई निकासी की जांच कर रही है। जांच के दौरान पिछले पांच वर्षों के वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की समीक्षा की गई। इसी क्रम में निकासी संबंधी मूल बिल और अन्य अभिलेख महालेखाकार कार्यालय से मंगाए गए हैं।
समिति अब प्राप्त दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर रही है। गौरतलब है कि महालेखाकार की रिपोर्ट में वेतन मद में फर्जी निकासी की आशंका जताए जाने के बाद राज्य सरकार ने इस उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था। पहले बोकारो और हजारीबाग ट्रेजरी की जांच का जिम्मा दिया गया था, लेकिन बाद में जांच का दायरा बढ़ाकर रांची, रामगढ़, देवघर और चाईबासा ट्रेजरी को भी शामिल कर लिया गया है।