Jharkhand Politics: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नाथवानी के नामांकन पत्र पर आपत्तियां दर्ज होने के बाद भी चुनाव आयोग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है. पार्टी ने इसे लेकर नाराजगी जताते हुए नामांकन रद्द करने की मांग की.
कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
प्रदर्शन में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिलाष साहू और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत कई नेता शामिल हुए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है और अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नियम अपनाए जा रहे हैं.
कांग्रेस का कहना है कि मध्य प्रदेश में उसके उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया, जबकि झारखंड में परिमल नाथवानी के मामले में अलग रुख अपनाया जा रहा है.
कांग्रेस नेताओं ने इसे दोहरा रवैया बताते हुए कहा कि अगर आपत्तियों के आधार पर दूसरे मामलों में कार्रवाई हुई है, तो झारखंड में भी नाथवानी के नामांकन पर जल्द फैसला लिया जाना चाहिए.
विधानसभा के अंदर और बाहर हुए प्रदर्शन के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है.