Bokaro News : झारखंड के बोकारो जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर से दुकान के लिए निकली दो किशोरियों को झांसे में लेकर दुष्कर्म का शिकार बनाया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों किशोरियां जब रास्ते में थीं, तभी दो नाबालिग लड़के उनके पास पहुंचे और उन्हें दुकान तक छोड़ने का झांसा देकर एक टोटो (ई-रिक्शा) में बैठा लिया। जब टोटो तय रास्ते से आगे बढ़ने लगा, तो लड़कियों ने इसका विरोध किया। इस पर आरोपियों ने मेडिकल दुकान जाने का बहाना बनाया और लौटते समय घर छोड़ने की बात कहकर उन्हें शांत करा दिया। इसके बाद आरोपी दोनों को एक सुनसान स्थान पर स्थित बगराबेड़ा जंगल ले गए, जहां एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास
वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपियों की दरिंदगी खत्म नहीं हुई और उन्होंने दोनों किशोरियों को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस मानसिक प्रताड़ना और लोक-लाज के डर से तंग आकर दोनों किशोरियों ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया और आत्महत्या करने के इरादे से घर से निकल गईं। जब काफी देर तक दोनों लड़कियां घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जब किशोरियां मिलीं, तब जाकर इस पूरी खौफनाक घटना का खुलासा हुआ। बदहवास स्थिति में परिजनों ने दोनों बच्चियों को संभाला और तुरंत सेक्टर-12 थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस तुरंत एक्शन में आई। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर अनुसंधान (जांच) प्रारंभ कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें जेल (बाल सुधार गृह) भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।