Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम के कमलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक संदिग्ध वाहन मिलने से इलाके में हलचल मच गई। बांगुड़दा स्थित साहेब बांध के समीप झाड़ियों में फंसी एक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से पुलिस ने दो गायों को बरामद किया है। वाहन में सवार लोग मौके से फरार मिले, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सुबह स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे असामान्य स्थिति में खड़ी एक स्कॉर्पियो पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वाहन के भीतर गायों के होने की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत कमलपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गायों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के बाद वाहन छोड़कर भागे सवार
प्राथमिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि वाहन में लदी गायों को कहीं ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा फंसी। दुर्घटना के बाद उसमें सवार लोगों ने वाहन निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद वे वाहन और गायों को वहीं छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को स्कॉर्पियो पर कोई वैध रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिला। इससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गायों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।
कई पहलुओं पर जांच जारी
कमलपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर ने बताया कि बरामद वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फरार लोगों की पहचान करने के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना किसी बड़े अवैध पशु परिवहन गिरोह से जुड़ी है या नहीं। इसके लिए आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा वाहन और उसमें मिले अन्य सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।