Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने वाला है। रांची मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। IMD ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
रांची समेत 10 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़ और लोहरदगा में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दोपहर बाद कई इलाकों में मौसम अचानक बदलने की संभावना है। इन जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी
आज राज्य के अधिकांश जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। विशेष रूप से रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी और गुमला के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।
पलामू-गढ़वा में सताएगी गर्मी, किसानों को दी गई सलाह
उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में गर्मी का असर सबसे अधिक रहने की संभावना है। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि गढ़वा और चतरा में भी तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। वहीं रांची, खूंटी, गुमला और लोहरदगा में बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने किसानों को मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्य करने और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।