Current News: टीवी एंकर अंजना ओम कश्यप और TV Today Group ने चर्चित शिक्षक खान सर समेत आठ लोगों के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मुकदमा दाखिल किया है. याचिका में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म YouTube, Meta Platforms और X से संबंधित पोस्ट और वीडियो हटाने की मांग की गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, याचिका में कथित टिप्पणियों को हटाने के साथ-साथ हर्जाने के तौर पर दो करोड़ रुपये की मांग भी की गई है.
यूट्यूब शिक्षकों पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब यूट्यूब पर पढ़ाने वाले शिक्षकों और मुख्यधारा के मीडिया की भूमिका को लेकर बहस छिड़ी थी. आरोप है कि अंजना ओम कश्यप की ओर से यूट्यूब शिक्षकों को लेकर कुछ टिप्पणियां की गईं, जिसके बाद खान सर ने सार्वजनिक मंचों से इसका जवाब दिया.
इसके बाद दोनों पक्षों से जुड़े कई वीडियो और मीम्स सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे. मामला धीरे-धीरे बढ़कर कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया.
गोलीकांड मामले में खान सर ने किया सरेंडर
इधर पटना में कोचिंग संस्थान के बाहर हुए गोलीकांड मामले में खान सर ने शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया. उनके वकील की ओर से इसकी पुष्टि की गई है.
बता दें कि पटना के मुसल्लहपुर इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर बीते मंगलवार रात गोलीबारी और हंगामा हुआ था. इस मामले में कदमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान खान सर के निजी सुरक्षा गार्डों से पूछताछ की गई थी. आरोप है कि गार्डों ने खान सर के निर्देश पर भीड़ की ओर गोली चलाने की बात कही थी. इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
कोचिंग सेंटर के बाहर बढ़ाई गई थी सुरक्षा
मामले के बाद खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. ऐसी चर्चा थी कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन गिरफ्तारी से पहले उन्होंने अदालत में सरेंडर कर दिया. फिलहाल दोनों मामलों को लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.