Dhanbad News: धनबाद जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. उपायुक्त सह अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार धनबाद आदित्य रंजन ने जिले के सभी ऊंचे भवनों, अस्पतालों, मॉल और अन्य असुरक्षित स्थलों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्देश दिया है.
उपायुक्त ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में हाल के दिनों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए धनबाद जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था की जांच जरूरी है.
नगर आयुक्त समेत अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
फायर सेफ्टी ऑडिट के लिए उपायुक्त ने नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन और जिला अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
ऑडिट के दौरान भवनों में मौजूद अग्नि जोखिमों की पहचान की जाएगी. साथ ही आग से बचाव के लिए उपलब्ध संसाधनों, फायर फाइटिंग सिस्टम की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी.
कमियों की पहचान कर दिए जाएंगे सुधार के सुझाव
प्रशासन के अनुसार फायर सेफ्टी ऑडिट से यह पता लगाया जा सकेगा कि किसी भवन में अग्निशमन व्यवस्था कितनी प्रभावी है और कहां सुधार की जरूरत है.
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि समय रहते सुरक्षा कमियों को दूर किया जाए, ताकि आग जैसी आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके.