Dhanbad News: धनबाद में शुक्रवार को एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई। बिहार के आरा निवासी दिलीप यादव और पाथरडीह की कंचन ने परिवार की सहमति से पहले कोर्ट मैरेज की। इसके बाद दोनों परिवार वैदिक रीति-रिवाज से विवाह की शेष रस्में पूरी करने के लिए धनबाद मंडल कारा परिसर स्थित शिव मंदिर पहुंचे।
जेल परिसर में चल रही थी वैदिक विवाह की रस्में
दोपहर करीब 1:30 बजे शिवालय में पंडित की मौजूदगी में विवाह की रस्में संपन्न कराई जा रही थीं। परिवार के सदस्य भी समारोह में शामिल थे और नवदंपती हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह को पूर्ण रूप देने की तैयारी में थे।
सूचना मिलते ही पहुंची जेल पुलिस, समारोह कराया बंद
इसी दौरान जेल प्रशासन को बिना अनुमति शादी समारोह आयोजित किए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची जेल पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए विवाह की प्रक्रिया रुकवा दी। अधिकारियों ने बताया कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार के सार्वजनिक आयोजन या विवाह समारोह के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है।
अब दूसरे मंदिर में पूरी होंगी शादी की बाकी रस्में
दूल्हा दिलीप यादव ने बताया कि कोर्ट मैरेज के बाद वकील की सलाह पर वे शिव मंदिर में वैदिक रीति से विवाह करने पहुंचे थे। हालांकि अनुमति नहीं होने के कारण पुलिस ने समारोह रोक दिया। उन्होंने कहा कि अब किसी अन्य मंदिर में जाकर विवाह की शेष रस्में पूरी की जाएंगी।