Simdega Crime News: सिमडेगा के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में हुई युवती जेबा खान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि वारदात को उसके ही प्रेमी ने अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी आदर्श कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि 16 मई को जेबा खान की गोली मारकर हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था.
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. इसी क्रम में टीम ने आरोपी आदर्श कुमार को तेलंगाना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार किया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी और जेबा खान के बीच प्रेम संबंध थे. किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने गोली चला दी. घटना के बाद वह फरार हो गया था.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट से जुड़ा मामला दर्ज है.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.