Ranchi News: रांची के नगड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित रिम्स-2 अस्पताल को लेकर विरोध तेज हो गया है. पूर्व विधायक सीता सोरेन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर अस्पताल निर्माण के लिए कृषि भूमि के अधिग्रहण पर आपत्ति जताई है. उन्होंने मांग की है कि उपजाऊ जमीन के बजाय रांची और आसपास मौजूद बंजर या गैर-कृषि योग्य सरकारी जमीन पर अस्पताल बनाया जाए.
सीता सोरेन ने कहा कि राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जरूरी है, लेकिन इसके लिए किसानों की आजीविका और अस्तित्व को प्रभावित करना उचित नहीं है. उन्होंने पत्र में कहा कि नगड़ी क्षेत्र की जमीन काफी उपजाऊ है और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान इसी भूमि पर निर्भर हैं.
किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट
पूर्व विधायक ने कहा कि नगड़ी के किसानों की जमीन पहले भी कई विकास योजनाओं के लिए ली जा चुकी है. इसके कारण कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा है. अगर दोबारा इसी क्षेत्र की कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जाता है, तो किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो सकता है.
उन्होंने सरकार से अपील की है कि विकास योजनाओं के लिए ऐसी भूमि का चयन किया जाए, जिससे किसानों की आजीविका प्रभावित न हो.
भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया रोकने की मांग
सीता सोरेन ने मुख्यमंत्री से नगड़ी मौजा में रिम्स-2 के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है. साथ ही उन्होंने अस्पताल निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थान के तौर पर रांची शहर या आसपास की बंजर जमीन का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है.
रिम्स-2 परियोजना को लेकर पहले से ही स्थानीय ग्रामीणों और संगठनों की ओर से विरोध किया जा रहा है. अब इस मुद्दे पर राजनीतिक आवाज भी तेज हो गई है.