Palamu News: पलामू के मोहम्मदगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सिंचाई कॉलोनी परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभी नियमित रूप से शुरू भी नहीं हो पाया है, लेकिन इससे पहले ही यहां चोरी की घटनाएं सामने आने लगी हैं.
अस्पताल भवन से अब तक 10 सोलर प्लेट और पांच पंखे चोरी हो चुके हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सीएचओ रामी किंडो ने चोरी की पुष्टि करते हुए बताया कि भवन में लगाए गए कई जरूरी संसाधन गायब मिले हैं. इसकी सूचना पुलिस को दी गई है, लेकिन अब तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
खाली भवन का फायदा उठा रहे असामाजिक तत्व
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है, लेकिन अस्पताल भवन तैयार होने के बाद भी इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है.
लंबे समय से खाली पड़े भवन की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण असामाजिक तत्व यहां पहुंच रहे हैं और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं. लगातार हो रही चोरी के बाद अब अस्पताल परिसर की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
ग्रामीणों ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए स्वास्थ्य केंद्र की निगरानी नहीं होना गंभीर लापरवाही है.
जल्द संचालन की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के चालू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी और भवन व उपकरणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी.
ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, दोषियों पर कार्रवाई करने और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधनों को इस तरह नुकसान पहुंचना चिंता का विषय है और इस पर तत्काल कदम उठाने की जरूरत है.