Bengal Politics: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में हुए भांगर बम धमाका मामले की जांच के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की. एजेंसी ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के आवास पर छापेमारी की. इस दौरान NIA ने उनके बेटे इमरान मोल्ला को हिरासत में लिया, जबकि शौकत मोल्ला की तलाश जारी है.
तड़के सुबह मौखाली गांव पहुंची NIA की टीम
जानकारी के अनुसार NIA की टीम जीवंतला थाना क्षेत्र के मौखाली गांव स्थित शौकत मोल्ला के घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया. यह कार्रवाई भांगर बम धमाका मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने और जांच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई. सूत्रों के मुताबिक एजेंसी के पहुंचने से पहले ही शौकत मोल्ला घर से निकल गए थे.
धमाके में गई थी एक व्यक्ति की जान
भांगर क्षेत्र में विधानसभा चुनाव से पहले हुए बम धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे. घटना के बाद इंडियन सेक्युलर फ्रंट ने मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग उठाई थी. बाद में यह मामला NIA को सौंप दिया गया.
गृह मंत्रालय के निर्देश पर दर्ज हुई नई FIR
गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद NIA ने इस मामले में नई FIR दर्ज की है. जांच के दौरान धमाके से जुड़े सभी पहलुओं के साथ संभावित आतंकवादी एंगल की भी पड़ताल की जा रही है.
पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
इस मामले में NIA पहले ही तृणमूल नेता वाहिदुल इस्लाम समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. एजेंसी लगातार मामले से जुड़े लोगों की भूमिका और नेटवर्क की जांच कर रही है.
अभिषेक बनर्जी के करीबी माने जाते हैं शौकत मोल्ला
शौकत मोल्ला तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं. वह कैनिंग पुरबा विधानसभा क्षेत्र से 2016 और 2021 में विधायक चुने गए थे. वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भांगर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन इंडियन सेक्युलर फ्रंट के उम्मीदवार नौशाद सिद्दीकी से हार गए थे. राजनीतिक गलियारों में उन्हें तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है.