Jamshedpur News : जनगणना-2027 के तहत निर्धारित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन ने उपायुक्त आवास पर जनगणना संबंधी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया। अधिसूचित प्रगणक एवं सुपरवाइजर ने स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) आईडी की सहायता से आवश्यक आंकड़ों का संकलन किया तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका सत्यापन किया।
इस दौरान जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन से जनगणना के लिए आवश्यक जानकारियां प्राप्त की गईं। अधिकारियों ने मकान सूचीकरण और गणना से जुड़े सभी बिंदुओं का विधिवत अभिलेखीकरण किया तथा निर्धारित प्रारूप के अनुसार आंकड़े दर्ज किए।
विकास योजनाओं की आधारशिला है जनगणना
उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के नागरिकों से जनगणना-2027 में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान सही, पूर्ण और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, ताकि तैयार होने वाले आंकड़े सटीक और विश्वसनीय बन सकें।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनगणना की सफलता के लिए आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि जनगणना कर्मियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।