Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 10 जून को प्रस्तावित राज्य स्तरीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न विभागों में तैयारियों का दौर शुरू हो गया है और अधिकारियों को आवश्यक सूचनाएं एवं रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने एक महत्वपूर्ण विभागीय समीक्षा बैठक बुलाई है। यह बैठक गुरुवार को आयोजित होगी और इसे मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समीक्षा बैठक की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव करेंगे। यह बैठक उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की जाएगी, जिसमें विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय तैयारियों की होगी समीक्षा
विभाग की ओर से गृह एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी प्रमुख अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था, जेल प्रशासन, नागरिक सुरक्षा, मानवाधिकार से जुड़े मामलों तथा अन्य विभागीय कार्यों की प्रगति पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में डीजीपी, होमगार्ड डीजी, जेल आईजी, निदेशक अभियोजन निदेशालय, आयुक्त नागरिक सुरक्षा, निदेशक राज्य सैनिक कल्याण निदेशालय, सचिव राज्य मानवाधिकार आयोग तथा एफएसएल निदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक से पहले विभागीय स्तर पर योजनाओं, उपलब्धियों और लंबित मामलों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है, ताकि 10 जून की बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके।