Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तत्वावधान में टाउन हॉल सभागार में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, सोमेश सोरेन, सविता महतो समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बीएलए को विशेष पुनरीक्षण, एसआईआर मैपिंग और प्रपत्र भरने का दिया गया प्रशिक्षण
शिविर में बीएलए को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य, एसआईआर मैपिंग, विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया तथा नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिन योग्य नागरिकों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से हट गया है, उनका नाम पुनः शामिल कराने की प्रक्रिया से भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया।
ढाई लाख नाम सूची से बाहर होने का दावा, जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान
केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले में करीब ढाई लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम नहीं रहने से लोगों को भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि बीएलए को प्रशिक्षित करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। झामुमो नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने और पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज कराने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।