Giridih Big News: गिरिडीह से करोड़ों रुपये की ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. गाड़ी फाइनेंस कराने के नाम पर लोगों से मोटी रकम ऐंठकर राधा स्वामी संगठन के संचालक दफ्तर बंद करके फरार हो गए हैं. मंगलवार को पचम्बा थाना क्षेत्र के बोडो स्थित कार्यालय पर जब बड़ी संख्या में पीड़ित पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला. इसके बाद ठगी के शिकार लोगों ने दफ्तर के बाहर जमकर हंगामा किया. पता चला है कि संगठन से जुड़े अनीता सिन्हा, दीपक शर्मा और मुकेश सिन्हा पहले ही चंपत हो चुके हैं.
गाड़ी दिलाने के नाम पर फंसाया जाल में
ऑफिस के बाहर एक नोटिस चिपका था, जिसमें काम बंद होने की बात लिखी थी. इसे देखकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा. पीड़ितों का आरोप है कि संस्था के संचालकों ने नई गाड़ी दिलाने और उसकी मासिक किस्त (EMI) भरने का झांसा देकर लाखों रुपये जमा करवाए थे. शुरुआत में तो कुछ लोगों की किस्तें जमा की गईं, ताकि लोगों का भरोसा जीता जा सके, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया और संचालक लगातार बहानेबाजी करने लगे.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
कई लोगों ने तो संस्था के झांसे में आकर नई गाड़ियां भी ले ली थीं, लेकिन साल-दो साल बीतने के बाद भी ईएमआई का रेगुलर भुगतान नहीं हुआ. अब संचालकों के भागने से लोगों पर कर्ज का भारी संकट मंडरा रहा है. इसी बीच आरोपी अनीता सिन्हा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह खुद को बेकसूर बताते हुए कह रही हैं कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष का घर-दफ्तर सब बंद है और उनका खुद अपने सीनियर अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है.
पुलिस को लिखित शिकायत का इंतजार
अनीता सिन्हा के इस बयान के बाद पीड़ितों का गुस्सा और ज्यादा बढ़ गया है. लोगों का कहना है कि महीनों तक संस्था उन्हें झांसा देती रही और अब जिम्मेदारी से भाग रही है. पीड़ितों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों को तुरंत जेल भेजने की मांग की है. इधर, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को अभी पीड़ितों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने का इंतजार है. शिकायत मिलते ही एफआईआर (FIR) दर्ज कर आगे का कड़ा एक्शन लिया जाएगा.