Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। डुमरिया-कोवाली मुख्य मार्ग पर बादलगोड़ा और बोमरो गांव के बीच स्थित होरगाडा पुलिया पर लोहे की पाइप से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा।हादसे के समय ट्रक में चालक और खलासी सवार थे। राहत की बात यह रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
घटना के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुल के नीचे गिरे ट्रक को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत चालक और खलासी की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सहायता प्रदान की।
यह सड़क डुमरिया और कोवाली के बीच प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन भारी वाहनों समेत बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
अधूरी सड़क और गड्ढों को दुर्घटनाओं का कारण बता रहे ग्रामीण
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कोवाली-डुमरिया सड़क का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। सड़क के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।