Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आम फलों के बेहतर विपणन और किसानों को उचित मूल्य दिलाने को लेकर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम उत्पादकों को बाजार से जोड़ने और बिक्री व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
FPO, कैनोपी और अपना मार्ट के जरिए होगी आम की बिक्री
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि किसान उत्पादक संगठन (FPO), कैनोपी (CANOPY), अपना मार्ट समेत विभिन्न रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से किसानों के आम की बिक्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वित प्रयास कर विपणन तंत्र को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
6 जून को समाहरणालय परिसर में लगेगा आम महोत्सव सह बागवानी मेला
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जून 2026 को जिला समाहरणालय परिसर में आम महोत्सव सह बागवानी मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में आम उत्पादक किसान, स्वयं सहायता समूह, एफपीओ और बागवानी क्षेत्र से जुड़े हितधारक हिस्सा लेंगे। मेले में आम उत्पादों का प्रदर्शन, बिक्री और विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा।
सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश
आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जेएसएलपीएस के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों तथा मनरेगा से जुड़े पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उप विकास आयुक्त ने सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया।