Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-02

Ranchi News: रांची में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस सख्त, लापरवाही पर निलंबन और अवैध पार्किंग पर होगी कड़ी कार्रवाई

Ranchi News: रांची में ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के औचक निरीक्षण और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जताई गई नाराजगी के बाद अधिकारियों ने शहर की सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लिया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने पैदल निरीक्षण कर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए हैं.
जाम या ड्यूटी में लापरवाही मिली तो सीधे होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है. अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी ट्रैफिक पुलिसकर्मी की लापरवाही के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनती है या कोई जवान अपनी ड्यूटी के दौरान पोस्ट पर आराम करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है.

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर चलेगा अभियान
शहर में अवैध पार्किंग को ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह मानते हुए पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ा अभियान चलाने का फैसला किया है. नो पार्किंग क्षेत्र या सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा. इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जाएगा.

सड़क पर सक्रिय रहेंगे ट्रैफिक जवान
अधिकारियों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया है कि वे केवल ट्रैफिक पोस्ट तक सीमित न रहें. उन्हें लगातार सड़क पर सक्रिय रहकर वाहनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखनी होगी ताकि किसी भी स्थान पर लंबी कतारें और जाम की स्थिति न बनने पाए.

ऑटो और ई रिक्शा चालकों की मनमानी पर लगेगी रोक
शहर में अक्सर ऑटो और ई रिक्शा चालक बीच सड़क पर सवारी चढ़ाने और उतारने का काम करते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है. इसे देखते हुए प्रशासन ने ऐसे मामलों पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है. अब बीच सड़क पर सवारी बैठाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ लगातार चलेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि शहर की प्रमुख सड़कों को जाम मुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इसके लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई की जाएगी.

आम लोगों से शालीन व्यवहार करने की हिदायत
ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के दौरान पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ विनम्र और शालीन व्यवहार करने का निर्देश भी दिया गया है. अधिकारियों ने कहा कि कानून का पालन कराना जरूरी है, लेकिन इसके साथ लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए.

शहर को जाम मुक्त बनाने में सहयोग की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से बचें. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस और आम लोगों के साझा प्रयास से ही रांची को जाम की समस्या से राहत दिलाई जा सकती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !