Seraikela Breaking: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कई पुलिस पदाधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत विभिन्न थानों और ओपी में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि साइबर थाना में पदस्थापित वरुण यादव को ईचागढ़ थाना की कमान सौंपी गई है। सरायकेला थाना में पदस्थापित रविकांत परासर को आरआईटी ओपी प्रभारी तथा राहुल कुमार सिंह को खरसावां थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसी क्रम में आदित्यपुर थाना में कार्यरत सतीश वर्मवाल को दलभंगा ओपी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। दलभंगा ओपी प्रभारी रविन्द्र मुंडा को कुचाई थाना प्रभारी, जबकि कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा को कांड़्रा थाना में पदस्थापित किया गया है। चांडिल थाना प्रभारी डिलसन बिड़वा को नीमडीह थाना का प्रभारी बनाया गया है, वहीं नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी को चांडिल थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो को साइबर थाना सरायकेला भेजा गया है। चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार को गम्हरिया थाना में पदस्थापित किया गया है, जबकि आरआईटी ओपी प्रभारी संजीव कुमार सिंह को खरसावां थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के नए पदस्थापन के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग के स्तर में सुधार और नई कार्यशैली देखने की उम्मीद जताई जा रही है।