Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-01

Jamshedpur News : मानगो बाजार की समस्याओं को लेकर मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से मिला प्रतिनिधिमंडल

Jamshedpur News :  मानगो बाजार सुरक्षा समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात कर मानगो बाजार क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और व्यापारियों की मांगों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बाजार क्षेत्र में सड़क, सफाई, बिजली व्यवस्था समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मानगो बाजार शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हैं, नियमित सफाई नहीं होने से व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही कुछ इलाकों में बिजली व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। समिति ने इन समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

वार्षिक मासूल में बढ़ोतरी पर व्यापारियों ने जताई नाराजगी

बैठक के दौरान बाजार समिति के पदाधिकारियों ने दुकानों के वार्षिक मासूल (किराया/शुल्क) में की गई भारी वृद्धि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। समिति का कहना था कि व्यापारियों से पर्याप्त परामर्श किए बिना और उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखे बिना शुल्क में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ी हुई दरों की पुनर्समीक्षा कर युक्तिसंगत और व्यावहारिक शुल्क निर्धारित करने की मांग की।

मेयर ने दिया समीक्षा और कार्रवाई का भरोसा

मेयर सुधा गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि बाजार क्षेत्र की सड़क, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मानगो बाजार नगर की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां के व्यापारियों तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
वार्षिक मासूल में वृद्धि के मुद्दे पर मेयर ने कहा कि इसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी तथा व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

व्यापारियों के साथ समन्वय के लिए सरकार प्रतिबद्ध :- बन्ना गुप्ता

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल कर वसूली करना नहीं, बल्कि व्यापारियों को सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए सरकार पूरी तरह संवेदनशील है।
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों पर सकारात्मक पहल के लिए मेयर का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि बाजार क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान होगा, जिससे व्यापारियों और आम जनता को राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. आर. एस. अग्रवाल, उत्तम कुमार गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, उदय कुमार गुप्ता, चंचल गुप्ता, राजेंद्र साव, दीपक सिंह, देवाशीष मानिक, मुकेश गुप्ता, अरुप कुमार दत्ता, जितेंद्र साव, कार्तिक हलधर, अशोक कुमार और बैद्यनाथ पाल सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !