Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के उलीडीह क्षेत्र में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों के बीच एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
मृत युवक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और शव की स्थिति को देखते हुए मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक के सिर पर किसी धारदार हथियार से कई बार हमला किए जाने के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।
परिजनों के मुताबिक विकास शनिवार रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह गया था। मुलाकात के बाद उसने घर के लिए रवाना होने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। जब परिवार वालों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन भी नहीं लग सका। रातभर उसकी तलाश और संपर्क की कोशिशें जारी रहीं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
रविवार सुबह उलीडीह में रहने वाली एक युवती ने विकास के परिजनों को फोन कर बताया कि आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की। पहचान होते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम छा गया।
मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ी या असामाजिक तत्व हो सकते हैं। उनका कहना है कि इलाके में ऐसे लोगों की गतिविधियां लंबे समय से बढ़ रही हैं और संभव है कि विकास उनकी हिंसा का शिकार बन गया हो। हालांकि पुलिस अभी किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच टीम हत्या के पीछे की वजह, घटनास्थल की परिस्थितियों और संभावित आरोपियों के संबंध में हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही है।