Jharkhand News: झारखंड प्रीमियर लीग (जेपीएल) के पहले सीजन का खिलाड़ी चयन समारोह जमशेदपुर के वेव इंटरनेशनल होटल में शनिवार को आयोजित किया जा रहा है. इस मेगा ऑक्शन में राज्यभर के किस्मत दांव पर लगी है. ईशान किशन समेत 250 से अधिक खिलाड़ियों इस लीग का हिस्सा बनने जा रहे है. विभिन्न जिलों से आए युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और पेशेवर मंच तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है.
छह फ्रेंचाइजी के बीच खिलाड़ियों को लेकर मुकाबला
लीग में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें जमशेदपुर स्टीलर्स, रांची टाइटंस, धनबाद डायमंड्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोल्हांचल सुपर किंग्स और संथाल स्ट्राइकर्स शामिल हैं. सभी फ्रेंचाइजी अपने संयोजन को मजबूत बनाने के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगा रही हैं. ऑक्शन को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि यह लीग राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर है. उनके अनुसार, कई ऐसे प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं जो लगातार मेहनत कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का पर्याप्त मंच नहीं मिल पाता. इस लीग के जरिए उन्हें पहचान बनाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में बड़ी लीगों के जरिए खिलाड़ियों को अवसर मिलता है, उसी तर्ज पर झारखंड में भी यह पहल की गई है. इससे नए खिलाड़ियों को न सिर्फ पहचान मिलेगी, बल्कि वे भविष्य में राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे.
नए खिलाड़ियों के लिए खुलेंगे अवसर
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. उनका मानना है कि यदि खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनके लिए आगे बड़े अवसरों के दरवाजे खुल सकते हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं. उम्मीद है कि झारखंड प्रीमियर लीग भी ऐसे नए खिलाड़ियों को सामने लाएगी, जो भविष्य में बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिताओं और भारतीय टीम तक अपनी जगह बना सकें.
क्रिकेट प्रेमियों की नजरें ऑक्शन पर
मेगा ऑक्शन के दौरान सभी छह टीमें अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों का चयन कर रही हैं. क्रिकेट प्रेमियों की नजर इस बात पर टिकी है कि कौन-सा खिलाड़ी किस टीम का हिस्सा बनेगा और किन युवा चेहरों को इस लीग के जरिए नई पहचान मिलेगी. झारखंड प्रीमियर लीग का यह पहला कदम राज्य के क्रिकेट ढांचे को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.