Giridih News : जिले के गावां थाना क्षेत्र में एक सरकारी वाहन के नदी में फंस जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि चेरवा गांव जाने के दौरान थाना प्रभारी की गाड़ी नदी पार करने के प्रयास में बीच धारा में फंस गई, जिसके बाद उसे निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।
पुल मौजूद था, फिर भी नदी में उतारी गई गाड़ी, जेसीबी की मदद से बाहर निकला
स्थानीय लोगों के अनुसार नदी पार करने के लिए पक्का पुल मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद वाहन को सीधे नदी के रास्ते ले जाने की कोशिश की गई। इसी दौरान वाहन पानी के बीच फंस गया और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।
वाहन के फंसने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक प्रयास के बावजूद गाड़ी नहीं निकल सकी। आखिरकार जेसीबी मशीन बुलाकर वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वीडियो वायरल, लोगों ने उठाए सवाल
घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब नदी पर पुल उपलब्ध था, तो वाहन को पानी के रास्ते ले जाने का फैसला क्यों लिया गया। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से भी अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।