Current News : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को लेकर नया कार्यक्रम जारी किया है। बोर्ड के अनुसार छात्र 1 जून 2026 से अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच और मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह घोषणा उन छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत लेकर आई है, जो री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति में थे। इससे पहले 29 मई से आवेदन शुरू होने की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में बोर्ड ने स्पष्ट किया कि आवेदन प्रक्रिया 1 जून से ही शुरू होगी।
रिजल्ट के बाद सामने आई थीं तकनीकी दिक्कतें
इस वर्ष 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद कई छात्रों ने तकनीकी समस्याओं की शिकायत की थी। कुछ विद्यार्थियों ने मार्कशीट स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देने की बात कही थी, जबकि कई छात्रों को ऑनलाइन पोर्टल पर भुगतान से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
पारदर्शी और त्रुटिरहित प्रक्रिया का दावा, छात्रों से दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
इन शिकायतों के बाद CBSE ने कहा है कि इस बार सत्यापन और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष तैयारी की गई है। बोर्ड का दावा है कि नई व्यवस्था के तहत छात्रों को आवेदन और मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
बोर्ड ने विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि पर आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही छात्रों को आवेदन से पहले पात्रता, शुल्क और प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।