Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे से लौटने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी नेतृत्व ने नई टीम की घोषणा करते हुए कई वरिष्ठ और युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं.
14 नेताओं को बनाया गया प्रदेश उपाध्यक्ष
भाजपा की ओर से जारी सूची में 14 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. इनमें पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल समेत कई अनुभवी नेताओं को संगठन में अहम भूमिका सौंपी गई है. पार्टी ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह नई टीम तैयार की है.
प्रदेश महामंत्री पद पर पांच नेताओं की नियुक्ति
संगठन विस्तार के तहत भाजपा ने पांच नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाया है. इन नेताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी का मानना है कि नई टीम के जरिए बूथ स्तर तक संगठन को और सक्रिय बनाया जाएगा.
महिला नेताओं को भी मिला बड़ा प्रतिनिधित्व
प्रदेश मंत्री पद पर कुल 14 नेताओं की नियुक्ति की गई है, जिनमें पांच महिला नेताओं को भी जगह दी गई है. भाजपा ने इस बदलाव के जरिए महिला भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक समीकरण मजबूत करने का संकेत दिया है.
कोषाध्यक्ष और सह कोषाध्यक्ष की भी घोषणा
भाजपा ने विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है. वहीं राजेश सिन्हा और अंकुर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है. पार्टी ने वित्तीय और संगठनात्मक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से इन नियुक्तियों को अहम माना है.
युवा, किसान और महिला मोर्चा को मिले नए अध्यक्ष
प्रदेश संगठन के साथ-साथ भाजपा ने विभिन्न मोर्चों में भी बदलाव किया है. युवा मोर्चा की कमान जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है, जबकि किसान मोर्चा का अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह को बनाया गया है. वहीं महिला मोर्चा की जिम्मेदारी विधायक निशा सिंह को दी गई है.
नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा बढ़ाने और अलग-अलग वर्गों तक पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है.