Jharkhand News: NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और झारखंड के विश्वविद्यालयों में लागू क्लस्टर सिस्टम के विरोध में शुक्रवार को इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले राज्यव्यापी चक्का जाम आंदोलन किया गया। हेसालौंग मुख्य सड़क पर छात्र-नौजवानों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।
पेपर लीक से बर्बाद हो रहा युवाओं का भविष्य
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों और युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। वहीं, विश्वविद्यालयों में लागू क्लस्टर सिस्टम उच्च शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रहा है। आंदोलनकारियों ने मांग की कि नीट समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
क्लस्टर सिस्टम वापस लेने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
छात्र संगठनों ने सरकार से झारखंड में लागू क्लस्टर सिस्टम को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व मनीष यादव, सुनील कुमार किस्कू और सुरेश बेदिया ने किया। मौके पर बड़ी संख्या में छात्र और युवा मौजूद रहे।