Tata Steel AGM Announced: टाटा स्टील ने अपनी 119वीं वार्षिक आमसभा (एजीएम) की तारीख घोषित कर दी है। कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह बैठक 2 जुलाई को सुबह 10:30 बजे आयोजित की जाएगी। एजीएम इस बार ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी, जिसमें कंपनी के शेयरधारक डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए शामिल होंगे। कंपनी सचिव एवं मुख्य विधि अधिकारी पर्वथीसम कंचिनाधम ने इस संबंध में राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को जानकारी दी है।
प्रति शेयर 4 रुपये डिविडेंड प्रस्ताव पर लगेगी मुहर
वार्षिक आमसभा में कंपनी की ओर से प्रति सामान्य शेयर 4 रुपये लाभांश (डिविडेंड) देने के प्रस्ताव को शेयरधारकों की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। प्रस्ताव पारित होने के बाद लाभांश वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि डिविडेंड भुगतान के दौरान लागू नियमों के अनुसार कर की कटौती भी की जाएगी।
ई-वोटिंग के जरिए शेयरधारक देंगे अपनी राय
बैठक के दौरान विभिन्न प्रस्तावों पर ई-वोटिंग की व्यवस्था भी रहेगी, जिससे शेयरधारक अपने मत दर्ज कर सकेंगे। एजीएम में कंपनी के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन शेयरधारकों को संबोधित करेंगे। वहीं, वाइस चेयरमैन नोएल टाटा सहित निदेशक मंडल के सभी सदस्य भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे।
यूनियन प्रतिनिधियों को भी किया जाएगा आमंत्रित
कंपनी की ओर से टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत टाटा स्टील समूह की विभिन्न मान्यता प्राप्त यूनियनों के प्रमुखों को भी बैठक में आमंत्रित किए जाने की तैयारी है।
टिनप्लेट और टाटा मेटालिक्स के शेयरधारकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना
टाटा स्टील ने पूर्व में समाहित की जा चुकी टिनप्लेट और टाटा मेटालिक्स कंपनियों के शेयरधारकों को लंबित डिविडेंड राशि का दावा करने की अपील की है। कंपनी के अनुसार टिनप्लेट के शेयरधारकों को 29 सितंबर तक और टाटा मेटालिक्स के शेयरधारकों को 30 सितंबर तक अपनी डिविडेंड राशि प्राप्त कर लेनी चाहिए।
समय सीमा के बाद राशि चली जाएगी सरकारी फंड में
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक दावा नहीं किए जाने पर संबंधित राशि को अनक्लेम्ड डिविडेंड की श्रेणी में डालते हुए भारत सरकार द्वारा निर्धारित निवेशक संरक्षण फंड में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके बाद राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया और जटिल हो सकती है।
पहले ही टाटा स्टील में हो चुका है दोनों कंपनियों का विलय
बता दें कि टाटा मेटालिक्स का टाटा स्टील में विलय 1 फरवरी 2024 को तथा टिनप्लेट कंपनी का विलय 15 जनवरी 2024 को पूरा हो चुका है। विलय प्रक्रिया के तहत दोनों कंपनियों के सभी शेयर और परिसंपत्तियां टाटा स्टील में समाहित कर दी गई थीं। इसी क्रम में कंपनी ने शेष डिविडेंड दावों के निपटारे के लिए अंतिम समय-सीमा निर्धारित करते हुए शेयरधारकों को आवश्यक सूचना जारी की है।