Ranchi Crime News: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में ऑटो चालकों के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा. घटना में एक चालक घायल हो गया, जिसने कई लोगों पर हमला करने, नकदी और सोने का लॉकेट छीनने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कोडरमा निवासी राजेश भारती ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से रांची में ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं. घटना के दिन वह बिरसा चौक से रातू रोड की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में सवारी बैठाने को लेकर कुछ अन्य ऑटो चालकों से कहासुनी हो गई.
पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने उनका ऑटो रोक लिया और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर बेल्ट, गमछा और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया. मारपीट में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं.
राजेश भारती ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी जेब से नकद रुपये निकाल लिए और गले में पहना सोने का हनुमान जी का लॉकेट भी छीन लिया.
घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने सुखदेवनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने ऑटो संख्या JH01FF-1924 और JH01EK-4819 के चालकों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.