International News: चीन में लगातार हो रहे बड़े हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. गुरुवार सुबह मध्य चीन के हेनान प्रांत में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक वैन तेज रफ्तार सेमी ट्रेलर ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में कुल 13 लोगों ने जान गंवा दी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
समाचार एजेंसी के मुताबिक यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 2:40 बजे नानयांग शहर के एक्सप्रेसवे पर हुआ. जिस वैन का एक्सीडेंट हुआ उसमें क्षमता से कहीं ज्यादा लोग बैठे थे. नौ सीट वाली वैन में कुल 16 यात्री सवार थे. शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है.
रात के अंधेरे में हुआ हादसा, चीख पुकार से दहल उठा इलाका
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद सड़क पर अफरा तफरी मच गई. कई यात्री वैन में फंस गए थे. राहत और बचाव टीमों को लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
हादसे के बाद चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और राहत कार्य की निगरानी के लिए विशेष टीम नानयांग भेज दी है. अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसा तेज रफ्तार, थकान या ओवरलोडिंग में से किस वजह से हुआ.
खदान हादसे ने पहले ही चीन को हिला रखा है
यह सड़क हादसा ऐसे समय में हुआ है जब चीन पहले से ही एक बड़े खदान हादसे के सदमे से गुजर रहा है. उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत में हाल ही में हुए कोयला खदान हादसे में अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि नौ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक पिछले हफ्ते किनयुआन काउंटी स्थित लियुशेन्यु कोयला खदान में अचानक गैस विस्फोट हुआ था. विस्फोट इतना भीषण था कि पूरी खदान में तबाही मच गई. हादसे के बाद सरकार ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया.
755 बचावकर्मी लगाए गए, कई मजदूर गंभीर हालत में
खदान हादसे के बाद मौके पर 755 लोगों की विशेष टीम भेजी गई, जिसमें बचावकर्मी, मेडिकल स्टाफ और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल थे. घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार कुल 123 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल थे. कई मजदूरों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया.
चीन सरकार ने हादसे को लेकर सख्ती दिखाते हुए खदान संचालित करने वाली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है. मामले की जांच जारी है.
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में भी गई थीं कई जानें
इसी महीने चीन के हुनान प्रांत में भी बड़ा हादसा हुआ था. यहां एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया था, जिसमें करीब दो दर्जन लोगों की मौत हो गई थी और 61 लोग घायल हुए थे.
यह विस्फोट चार मई की शाम चांग्शा शहर के लियूयांग इलाके में स्थित हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी के प्लांट में हुआ था. विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया था और फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था.
रोबोट तक उतारने पड़े, तब जाकर चला राहत अभियान
पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए 480 से ज्यादा बचावकर्मियों को पांच अलग अलग टीमों में मौके पर भेजा गया था. हालात इतने खतरनाक थे कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन विशेष रोबोट का भी इस्तेमाल करना पड़ा.
लगातार हो रहे इन हादसों ने चीन की औद्योगिक और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. ओवरलोडिंग, सुरक्षा मानकों में लापरवाही और नियमों की अनदेखी को लेकर अब सरकार पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है.