Seraikela: सरायकेला जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात टाटा-डोबो मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
शराब पीकर वाहन चलाते चार चालक पकड़े गए
जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच में चार चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चारों चालकों से कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। एक साथ हुई इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
“नियम आपकी सुरक्षा के लिए हैं”- यातायात थाना प्रभारी
यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक का स्पष्ट निर्देश है कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी जान बचाना है। अक्सर छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन जाती है, जिससे पूरा परिवार प्रभावित होता है। इसलिए लोग यातायात नियमों को बोझ नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा का माध्यम समझें।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आगे भी औचक जांच अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से हेलमेट, सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।