Dhanbad Crime News: धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में बुधवार देर रात दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई. कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान में हुई इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक रात करीब एक बजे कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद बढ़ने के बाद दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं. देर रात अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए.
घटना में छाताबाद निवासी तौसिर गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे दुर्गापुर रेफर किया गया है. वहीं नीतीश कुमार समेत एक अन्य घायल का इलाज कतरास के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान में जुटी है. मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.