Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र से एक 52 वर्षीय व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है. परिवार पिछले कई दिनों से उनकी तलाश में जुटा हुआ है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है. घटना के बाद परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ साथ आम लोगों से भी मदद की अपील की है.
सुबह घर से निकले थे उमा यादव, फिर नहीं लौटे वापस
मामला बागबेड़ा स्थित किताडीह ग्वाला पट्टी का है. यहां रहने वाले विलास यादव ने थाना में आवेदन देकर अपने पिता उमा यादव के लापता होने की जानकारी दी है. परिजनों के मुताबिक उमा यादव 23 मई की सुबह करीब 4.00 बजे से 4.30 बजे के बीच घर से पैदल निकले थे. इसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटे और उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है.
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने से परिवार की बढ़ी चिंता
परिजनों ने बताया कि उमा यादव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. इसी वजह से परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित है. परिवार का कहना है कि वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे, जिसके बाद से लगातार उनकी तलाश की जा रही है.
ऐसा है लापता व्यक्ति का हुलिया
उमा यादव की लंबाई करीब 6 फीट बताई जा रही है और उनका रंग गोरा है. घर से निकलते समय उन्होंने सफेद रंग की गंजी, सफेद लुंगी और लाल रंग की चादर ओढ़ रखी थी. परिजनों ने लोगों से अपील की है कि अगर इस हुलिए का कोई व्यक्ति कहीं दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें.
आसपास के इलाकों में तलाश जारी, लोगों से सहयोग की अपील
परिवार के लोगों ने बागबेड़ा और आसपास के कई इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. मामले को लेकर थाना प्रभारी से भी सकुशल बरामदगी की मांग की गई है. परिजनों का कहना है कि किसी भी छोटी जानकारी से उन्हें अपने पिता तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.
यदि किसी व्यक्ति को उमा यादव के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत परिजनों से इस संपर्क नंबर:7070066441 से संपर्क करने की अपील की गई है, या स्थानीय थाना को सूचना दें.