Jamshedpur News : जनता दल यूनाइटेड की पूर्वी सिंहभूम इकाई द्वारा बिष्टुपुर स्थित लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर सभागार में आयोजित कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में संगठन विस्तार, जनसरोकारों और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया। स्वागत भाषण प्रकाश कोयन ने दिया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद खिरू महतो ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और कार्यकर्ताओं की बढ़ती भागीदारी इसका संकेत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार करने, जनता के बीच पार्टी की पहचान मजबूत बनाने और भावी उम्मीदवारों को तैयार करने का आह्वान किया।
विधायक सरयू राय ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा।
बैठक में जमशेदपुर में बढ़ती चोरी, छिनतई, अवैध शराब कारोबार और अन्य आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। सरयू राय ने कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर इन समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। वहीं बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को अब तक आवास की चाबी नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
बढ़ते अपराध और आवास योजना के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों ने राज्य को नई दिशा दी है। उन्होंने झारखंड में भी बिहार मॉडल के आधार पर विकास की आवश्यकता बताई और चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
बिहार मॉडल पर झारखंड के विकास की वकालत
बैठक को श्रवण कुमार, सुशील सिंह, संजय ठाकुर, सागर कुमार, शैलेन्द्र महतो, अंजलि सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, वीरेंद्र पासवान और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल के सभी जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, थाना अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।