National News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके नेतृत्व और कामकाज की खुलकर सराहना की है. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक स्तर पर बड़े बदलाव देखे हैं. सीएम योगी ने पीएम मोदी को नए भारत का शिल्पकार बताते हुए उनके 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और लोक कल्याण को समर्पित बताया.
प्रधान सेवक के रूप में देश को नई दिशा देने की बात
26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. आज उनके कार्यकाल के 12 साल पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विशेष संदेश साझा किया. उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि इन वर्षों में देश ने कई ऐतिहासिक बदलावों को महसूस किया है.
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद को एक शासक नहीं बल्कि प्रधान सेवक के रूप में प्रस्तुत किया और उसी भावना के साथ देशहित में लगातार काम किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बना.
गरीब कल्याण से आत्मनिर्भर भारत तक की यात्रा का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अंत्योदय की सोच अब आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में बदल चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि जनभागीदारी ने विकास को एक बड़े जन आंदोलन का रूप दिया है, जिससे आम नागरिक भी विकास प्रक्रिया का सक्रिय हिस्सा बने हैं.
सीएम योगी के अनुसार पिछले 12 वर्षों में सरकार की योजनाओं और नीतियों ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया है. यही कारण है कि केंद्र सरकार की योजनाओं पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है.
नारी सशक्तीकरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच ने ऐसे नए भारत का निर्माण किया है जहां आर्थिक विकास के साथ साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण और नवाचार को भी नई पहचान मिली है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं.
उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत नीति का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और विश्वसनीय नेतृत्व के रूप में अपनी पहचान बना चुका है. डिजिटल, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी की शक्ति अब विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को गति दे रही है.
जनधन से आयुष्मान तक योजनाओं का किया जिक्र
अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी ने केंद्र सरकार की कई प्रमुख योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना को आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाली योजनाएं बताया.
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने विकास को सीधे आम जनता तक पहुंचाने का काम किया है और यही विश्वास सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को मजबूत बना रहा है.
मुख्यमंत्री ने अंत में नेशन फर्स्ट की भावना के साथ देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं.