Ranchi News: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार छह आरोपियों की जमानत याचिका पर मंगलवार को अदालत में सुनवाई हुई. अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में सुनवाई के दौरान जांच अधिकारी ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास से जुड़े दस्तावेज और केस डायरी प्रस्तुत की.
इसी केस में आरोपी गौरव कुमार द्वारा दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर भी अदालत ने सुनवाई की. मामले की अगली सुनवाई अब 29 मई को होगी.
जमानत की मांग करने वालों में विकास कुमार, आशीष कुमार, योगेश प्रसाद समेत कुल छह आरोपी शामिल हैं. जांच एजेंसियों के मुताबिक इनमें कुछ लोग कथित तौर पर पेपर सॉल्वर गिरोह से जुड़े एजेंट हैं. अब तक इस मामले में 161 आरोपियों को अदालत से जमानत मिल चुकी है.
पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में छापेमारी कर 166 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तार लोगों में अंतरराज्यीय पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े पांच कथित मुख्य आरोपी भी शामिल बताए गए थे. इनमें अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद के नाम सामने आए थे.
जांच में यह बात भी सामने आई थी कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न और उत्तर याद करवाए जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक रड़गांव में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को ठहराया गया था और वहां उनके मोबाइल फोन व एडमिट कार्ड अपने कब्जे में ले लिए गए थे. कुछ अभ्यर्थियों से बैंक चेक लेने की बात भी जांच में सामने आई है.
पूरे मामले को लेकर तमाड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष टीम ने 11 अप्रैल की रात कार्रवाई करते हुए इस कथित गिरोह का खुलासा किया था.