Ranchi News : ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार को पुलिस मुख्यालय सभागार में तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बकरीद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
बैठक में टी. कंदसामी, प्रभात कुमार, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, मनोज रतन और नौशाद आलम मौजूद रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी प्रक्षेत्रीय आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी भी जुड़े।
सीसीटीवी, ड्रोन और सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर
समीक्षा के दौरान पिछले वर्षों में बकरीद और अन्य सांप्रदायिक घटनाओं से जुड़े मामलों की स्थिति, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और शांति समिति की बैठकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी रोकने और संयुक्त नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
डीजीपी तदाशा मिश्र ने सभी जिलों को संवेदनशील और हॉट स्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और हर सूचना का त्वरित सत्यापन किया जाए।
अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर बढ़ेगी सख्ती
पुलिस मुख्यालय ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, स्पेशल ड्राइव चलाने और अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर सख्ती बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं। पुलिस ने कहा है कि बकरीद के दौरान राज्य में शांति और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।