Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-25

Ranchi News: रांची में पानी की किल्लत से फूटा लोगों का गुस्सा, बर्तन लेकर सड़क पर उतरी महिलाएं, मुख्य सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Ranchi News: राजधानी रांची के लोअर बाजार स्थित वार्ड संख्या 15 में सोमवार को पेयजल संकट को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया. लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों ने आखिरकार सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. बड़ी संख्या में महिलाएं अपने घरों के किचन बर्तन लेकर मुख्य सड़क पर पहुंचीं और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की. इस दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा.
दो महीने से पानी की समस्या से परेशान हैं लोग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में पिछले करीब दो महीनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है. नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है. लोगों को पीने के पानी से लेकर घरेलू जरूरतों तक के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि कई बार नगर निगम और वार्ड पार्षद को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया. लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.

पानी खरीदकर गुजारा करने को मजबूर हुए लोग
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पानी की किल्लत के कारण अब उन्हें अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए पैसे खर्च कर पानी खरीदना पड़ रहा है. आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ साथ रोज पानी की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती बन गया है. लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण अब उनका धैर्य जवाब देने लगा है. इसी नाराजगी के बीच स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू किया. महिलाओं ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग उठाई.

सड़क जाम से यातायात प्रभावित, मौके पर पहुंची पुलिस
मुख्य सड़क जाम होने के कारण इलाके में वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. सड़क के दोनों ओर काफी देर तक वाहन फंसे रहे, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या संबंधित विभाग तक पहुंचाई जाएगी और समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !