Ranchi: रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित मेन रोड के सर्वदा ज्वेलर्स में एसी में लगे तांबे के वायर चोरी होने का मामला सामने आया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों समेत एक कबाड़ी दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है।
दो आरोपी और कबाड़ी दुकानदार गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करबला चौक निवासी मो. आसिफ उर्फ नेपाली और मो. निजाम के रूप में हुई है। पुलिस जांच के दौरान चोरी किया गया करीब आठ किलो एसी कॉपर वायर लक्ष्मी लकड़ा कबाड़ी दुकान से बरामद किया गया।
पुलिस ने कबाड़ी दुकान संचालक महेश लोहरा को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि चोरी का सामान उसकी दुकान में बेचा गया था।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में कांके चौक निवासी सौरभ अग्रवाल और संजय अग्रवाल ने लोअर बाजार थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मेन रोड स्थित स्टोर से तांबे का वायर चोरी होने की जानकारी दी गई थी।
तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।