Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-24

Jharkhand News: झारखंड प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल, 14 JPS अफसरों के तबादले, कई को मिली पदोन्नति

Jharkhand News: झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए झारखंड प्रशासनिक सेवा (JPS) के 14 अधिकारियों का स्थानांतरण और पदस्थापन किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई अधिकारियों को संयुक्त सचिव से पदोन्नत कर अपर सचिव बनाया गया है, जबकि कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

कई अधिकारियों को मिली पदोन्नति, नए विभागों की जिम्मेदारी
मो. शब्बीर अहमद को श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें कर्मचारी राज्य बीमा योजना, रांची के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। संदीप कुमार दोराइबुरू को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में अपर सचिव बनाया गया, जबकि रविराज शर्मा को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। श्याम नारायण राम को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) का सचिव नियुक्त किया गया है।

कृषि से शिक्षा तक बदले कई विभागों के चेहरे
कृषि विभाग के संयुक्त सचिव अल्बर्ट बिलूंग और मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अखलेश कुमार सिन्हा को उनके ही विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं जल संसाधन विभाग के ओनिल क्लेमेन्ट ओड़ेया को स्थानांतरित कर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। दूसरी ओर मोईनउद्दीन खान को पर्यटन विभाग से जल संसाधन विभाग में अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है।

पेयजल, ऊर्जा और राजस्व विभाग में भी नए अपर सचिव
रंजीता हेम्ब्रम को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें स्वच्छ भारत मिशन का अभियान निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। ऊर्जा विभाग के संयुक्त सचिव मो. मुस्तकीम अंसारी को उसी विभाग में अपर सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं लातेहार ITDA के परियोजना निदेशक प्रवीण कुमार गागराई को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।

जिला प्रशासन में भी बदलाव, रांची को मिला नया डीडीसी
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के निदेशक दिलीप तिर्की को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। जामताड़ा के उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार को अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं रांची के परियोजना निदेशक (ITDA) संजय कुमार भगत को रांची का नया उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद बनाया गया है। उन्हें ITDA रांची का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !